भाजपा सरकार अल्मोड़ा जिले समेत पर्वतीय क्षेत्र में स्थित अस्पतालों में जल्द डाक्टरों की तैनाती करने की घोषणा कर चुकी है। शासन ने इसके विपरीत चुपचाप बेस अस्पताल में तैनात फिजिशियन डॉ. एनएस बिष्ट का बिना प्रतिस्थानी के देहरादून तबादला कर दिया। डॉ. बिष्ट का तबादला होने के बाद अब जिला मुख्यालय में न तो बेस अस्पताल में फिजिशियन है और न ही जिला अस्पताल में। फिजिशियन न होने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।
जिला अस्पताल और बेस अस्पताल समेत जिले के सभी अस्पताल पहले से ही डाक्टरों की कमी से जूझ रहे हैं। जिला अस्पताल में पिछले लंबे समय से फिजीशियन का पद रिक्त चल रहा है। बेस अस्पताल में फिजिशियन डॉ. एनएस बिष्ट तैनात थे। लेकिन तीन दिन पहले शासन ने आदेश जारी कर डॉ. बिष्ट का कोरोनेशन अस्पताल देहरादून तबादला कर दिया। शासन द्वारा जारी तबादला आदेश में कहा गया था कि डा. बिष्ट को तत्काल प्रभाव से रिलीव करें। जिसके बाद बेस अस्पताल से डॉ. बिष्ट को 31 मार्च को देहरादून के लिए रिलीव कर दिया गया। इधर बेस अस्पताल के प्रमुख चिकित्साधीक्षक डा. एचसी गड़कोटी ने बताया कि डा. बिष्ट देहरादून को रिलीव हो गए हैं।
दूसरी तरफ बेस अस्पताल में तैनात फिजिशियन डॉ. बिष्ट का तबादला किए जाने से लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है किप्रदेश में सत्तारूढ़ होने के बाद भाजपा सरकार पर्वतीय क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने की घोषणा कर चुकी है। इसके बावजूद शासन ने यहां तैनात एकमात्र फिजिशियन का देहरादून तबादला कर दिया है। अभी तक उनके प्रतिस्थानी की भी तैनाती नहीं की गई है। शहर के दोनों अस्पतालों में फिजिशियन न होने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही है।
प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करेगी। डाक्टरों के रिक्त पद भरने को मुख्यमंत्री से वार्ता की गई है। जल्द ही अल्मोड़ा समेत जिले के अस्पतालों में डाक्टरों के रिक्त पदों पर नियुक्त की जाएगी।
रघुनाथ सिंह चौहान, विधानसभा उपाध्यक्ष।