मजखाली में वॉरियर चैंपियंस क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन करते हुए मुख्य अतिथि विधायक रेखा आर्या ने युवाओं से खेलों के माध्यम से कॅरियर संवारने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रतियोगिता की विजेता रानीखेत की दक्ष इलेवन टीम को चैंपियन ट्राफी सौंपी और तमाम पुरस्कार बांटे। दक्ष इलेवन ने फाइनल में नैणी इलेवन मजखाली को तीन विकेट से हराया।
मजखाली के नैनीपार्थ मैदान में टॉस जीतकर पहले खेलते हुए नैणी इलेवन की टीम ने 15 ओवर में 120 रन बनाए। जवाब में दक्ष इलेवन की टीम ने सात विकेट खोकर 14.5 ओवर में जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया।
दक्ष इलेवन के धीरज को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया, जबकि नैणी इलेवन के भरत अधिकारी मैन ऑफ द सिरीज रहे। मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने विजेता टीम को 11 हजार रुपये और उपविजेता को 55 सौ रुपये नकद और अन्य पुरस्कार सौंपे।
विशिष्ट अतिथि कांग्रेस प्रदेश खेल प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष चंदन अधिकारी ने अपनी ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी को 551 और सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज को 511 रुपये की धनराशि भेंट की।
आयोजक कमल अधिकारी, भूपेंद्र अधिकारी, पवन अधिकारी, ऋषभ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एनएस अधिकारी ने सभी का आभार जताया।
कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन अधिकारी ने अपनी ओर से क्रिकेट किट भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को हर स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है। खिलाड़ियों ने उनका आभार जताया।