अल्मोड़ा। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद शाखा अल्मोड़ा की कार्यशाला प्रांगण में हुई बैठक में वक्ताओं ने कर्मचारियों को छह माह से वेतन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने वेतन का भुगतान जल्द करने की मांग की। कहा कि यदि मार्च माह के प्रथम सप्ताह तक वेतन का भुगतान समेत अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संघ आंदोलन करने को बाध्य होगा।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को देयकों का भुगतान नहीं किया गया है। इस कारण उन्हें दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। संविदा, विशेष श्रेणी, बाह्य स्रोत कर्मचारियों के वेतन में कटौती की जा रही है। उन्होंने लंबे समय बाद भी संविदा और एजेंसी कर्मचारियों को नियमित न करने पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि अंतरराज्जीय बस अड्डे का निर्माण जल्द किया जाना चाहिए। कहा कि डिपो में चालकों की कमी के कारण सेवाएं आए दिन स्थगित हो रही हैं।
तकनीकी कर्मचारियों की भी कमी बनी है। कहा कि बाह्य और संविदा कर्मचारियों का उत्पीड़न किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अध्यक्षता शाखाध्यक्ष गोविंद प्रसाद टम्टा और संचालन शाखा मंत्री राजकुमार टम्टा ने किया। उन्होंने कहा कि यदि मार्च माह के प्रथम सप्ताह तक वेतन का भुगतान समेत अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संघ आंदोलन करने को बाध्य होगा। बैठक में उमेश भट्ट, संरक्षक रमेश चंद्र जोशी, सुरेश सिंह नेगी, आनंदी शुक्ला, ममता दानू, ईश्वर गिरी, हरीश सिंह रावत, तारा जोशी, प्रदीप टम्टा, हरीश मलकानी आदि मौजूद थे।