चौखुटिया के धामदेवल में हवाई अड्डे के विरोध को लेकर हुई बैठक में मौजूद लोग।
- फोटो : ALMORA
चौखुटिया (अल्मोड़ा )। गेवाड़ संघर्ष समिति के नेतृत्व में ग्रामीणों का हाटझला में हवाई अड्डे का विरोध जारी है। शनिवार को धामदेवल में ग्रामीणों ने बैठक कर निर्णायक आंदोलन की रणनीति बनाने की सहमति जताते हुए एक कमेटी का गठन किया। बैठक में कांग्रेस के पूर्व विधायक मदन सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे।
बैठक में ग्रामीणों ने किसी भी स्थिति में उपजाऊ भूमि में हवाई अड्डा नहीं बनने देने की बात कही। वक्ताओं ने एकजुट होकर लंबी लड़ाई लड़ने की वकालत की। महिला ने खेतों की रक्षा के लिए हर तरह का संघर्ष करने की बात कही। बैठक में तय हुआ कि शीघ्र क्षेत्रीय विधायक को क्षेत्र में बुलाकर वार्ता की जाएगी। बैठक में एक कोर कमेटी का गठन भी किया गया जिसमें राजस्व गांव से 10 सक्रिय लोगों को लिया गया।
इस मौके पर पूर्व विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि वह जनभावनाओं के साथ हैं। कहा कि सब लोगों को मिलकर सरकार पर दबाव बनाना होगा। इस दौरान गणेश नायक, प्रधान किरण देवी, चंद शेखर फुलोरिया, गिरीश चंद, गणेश गैरोला, खीम सिंह कैड़ा, पूरन चंद्र रिखाड़ी आदि थे।