द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बग्वालीपोखर-मल्ली मिरई मोटर मार्ग पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता फिर सवालों के घेरे में आ गई है। इस मार्ग पर हाल ही में एनटीपीसी भिकियासैंण की ओर से बनाई गई सुरक्षा दीवार महज चार दिन में ही भरभराकर गिर गई। ग्रामीणों ने मामले की जांच करने और जल्द सड़क मरम्मत नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मेल्टा ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान प्रमोद जोशी ने बताया कि कंपनी ने खानापूर्ति करते हुए कम गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग किया है। बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं जिन्हें मिट्टी से भरा जा रहा था। कहा कि यह दुर्भाग्य है कि सड़क मेल्टा के नाम पर है परंतु मेल्टा गांव कहीं नजर नहीं आता है।
सामाजिक कार्यकर्ता धनीराम आर्या ने कहा कि यह सड़क अल्मोड़ा और गढ़वाल को जोड़ती है। दोसाद पुल के पास नदी की ओर दीवार पहले से ही क्षतिग्रस्त थी। आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है। इस संबंध में एनपीसीसी भिकियासैंण के जेई आदित्य मंडल से बात की गई तो उनका कहना है कि दीवार का निर्माण हमने नहीं किया है।