अल्मोड़ा। उपभोक्ताओं को बिजली गुल होने पर ऑफलाइन माध्यम से बिजली बिलों का भुगतान करने की सुविधा दी गई है लेकिन इसका लाभ उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा है। ऐसे में बिजली जाने पर उन्हें लाइनों में खड़े होकर बिजली आने का इंतजार करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं के मैन्युअल बिल नहीं काट रहे हैं। यूपीसीएल की ओर से माल रोड पर चौघानपाटा के पास बिजली बिल जमा करने के लिए खोला गया काउंटर उपभोक्ताओं को राहत कम और उनकी परेशानी अधिक बढ़ा रहा है।
केंद्र में बिल जमा करना उपभोक्ताओं के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। यहां बिजली नहीं होने पर उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
सोमवार को 100 से अधिक लोग अपने बिल जमा करने के लिए केंद्र पहुंचे, लेकिन सुबह दस बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। ऐसे में लोग हाथ में बिजली का बिल थामे घंटों लाइनों में खड़े रहे।