शिक्षा के क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षा का खास महत्व है। व्यावसायिक शिक्षा के बाद युवाओं के लिए व्यावसायिक, सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अपार अवसर हैं। विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के नवसृजित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नैनी जागेश्वर में फिटर, इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड्स का शुभारंभ करते हुए यह बात कही।
कुंजवाल ने कहा कि नए ट्रेड खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने नोडल प्रधानाचार्य को शीघ्र कंप्यूटर साइंस विषय को संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारों की बढ़ती फौज को देखते हुए प्रदेश सरकार का राज्य में आईटीआई खोलने का उद्देश्य आईटीआई के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आईटीआई भवन निर्माण के लिए शीघ्र धनराशि उपलब्ध करायी जाएगी।
नए ट्रेड भी खोले जाएंगे ताकि युवा व्यावसायिक शिक्षा ग्रहण कर रोजगार प्राप्त कर सके। आईटीआई अल्मोड़ा के नोडल प्रधानाचार्य जेपी टम्टा ने कहा कि कंप्यूटर विषय की कक्षा शीघ्र शुरू की जाएगी।
प्रभारी प्रधानाचार्य लाल सिंह बिष्ट ने बताया कि फिटर ट्रेड में 13, इलेक्ट्रॉनिक्स में 14 छात्रों ने प्रवेश लिया है। राजकीय इंटर कॉलेज नैनी के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख पीतांबर पांडे थे। वहां भगवान सिंह खनी, राम सिंह कार्की, प्रधान हरिमोहन भट्ट, नारद भट्ट, गंगा दत्त, छात्रनेता गिरीश भट्ट, मुन्नी देवी, केशर सिंह, आनंद सिंह, प्रधानाचार्य एमएस बिष्ट, एससी आर्या ने विचार रखे। प्रधानाचार्य हरीश आर्या ने संचालन किया।