शासन के निर्देश पर डीएम सविन बंसल ने हवालबाग ब्लॉक के मटेना गांव में रात्रि विश्राम कर ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ली। मंगलवार को डीएम ने ग्राम पंचायत की खुली बैठक अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित गति से निदान के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि अधिकारी ग्रामीणों की समस्याओं को लटकाने की प्रवृत्ति छोड़ें। समस्याओं के तत्काल समाधान को हरसंभव कोशिश करें, ताकि प्रशासन का जनता से तालमेल बना रहे।
डीएम ने बीडीओ को निर्देश दिए कि सप्ताह में एक दिन किसी भी गांव का भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनें और निदान करें। उन्होंने गांव में कृषि गोष्ठियों का आयोजन अनिवार्य रूप से करने पर जोर दिया।
उन्होंने मटेना के आंगनबाड़ी केंद्र, प्राइमरी स्कूल का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र में बाल विकास विभाग द्वारा शिशुओं, गर्भवती, धात्री महिलाओं को दिए जाने वाले पोषाहार का निरीक्षण किया।
डीएम ने गांव में पायका योजना से बने खेल मैदान का निरीक्षण कर बीडीओ को मैदान के विस्तारीकरण की योजना तैयार करने को कहा। ग्रामीणों ने डीएम के सामने चकबंदी, पेयजल, शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य, सड़क आदि समस्याएं सुनी।
वहां मटेना की प्रधान गीता, कनिष्ठ उप प्रमुख चंदन राम, तहसीलदार मोहन सिंह नेगी, ग्राम विकास अधिकारी खुशाल सिंह मर्तोलिया, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी हरीश बिष्ट, राजस्व उप निरीक्षक विशन राम, एडीओ समाज कल्याण शैलेंद्र पांडे, जिला पंचायत के पूर्व सदस्य महिपाल सिंह, प्रधानाध्यापिका आशा बिष्ट आदि थे।