अल्मोड़ा। हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा में विवेकानंद इंटर कालेज अल्मोड़ा के बच्चों का दबदबा इस साल भी कायम रहा। इस बार इस विद्यालय के 17 बच्चों ने राज्य स्तर की मेरिट में स्थान बनाया है जबकि पिछले साल 16 बच्चे राज्य स्तर की मेरिट में शामिल थे। इस स्कूल ने यह साबित किया है कि अगर बच्चों को मेहनत और व्यवस्थित तरीकेे से पढ़ाया जाए तो उनकी प्रतिभा को निखारा जा सकता है। इसी खूबी के कारण यह विद्यालय राज्य के अन्य स्कूलों के लिए मिसाल बना हुआ है।
इंटरमीडिएट की मेरिट सूची में स्कूल के नौ और हाईस्कूल में सात बच्चों ने स्थान पाया है। स्कूल के बच्चों की इस उपलब्धि से नगर ही नहीं बल्कि जिले का नाम भी प्रदेश में रोशन हुआ है। विवेकानंद इंटर कालेज के छात्र-छात्राएं पिछले कुछ वर्षों से हाईस्कूल और इंटर बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस साल हाईस्कूल के 11 और इंटरमीडिएट के छह छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तर की मैरिट में स्थान बनाया है।
दसवीं में इसी विद्यालय का प्रभाकर मिश्र राज्य स्तर पर सातवें और इंटर में पल्लवी कांडपाल दसवें स्थान पर है। 2015 में हाईस्कूल में सात और इंटर में नौ छात्र-छात्राएं प्रदेश की सूची में स्थान बना पाने में सफल रहे थे। जबकि 2014 में 12 छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तर की मेरिट में स्थान पाया था। पिछले कई सालों से हर साल विद्यालय के कई बच्चे राज्य की मेरिट में स्थान पाने में सफल रहते हैं।
दरअसल इस विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल के नेतृत्व में सभी शिक्षक बच्चों की पढ़ाई पर खास ध्यान देते हैं और उन्हें व्यवस्थित तरीके से पढ़ाया जाता है। खासतौर पर दसवीं और बारहवीं के बच्चों की पढ़ाई पर प्रधानाचार्य श्री रावल व्यक्तिगत तौर पर ध्यान देते हैं। जो बच्चे कमजोर रह गए हों उनके लिए अलग से कक्षाएं चलाई जाती हैं।
अभिभावकों को भी समय-समय पर बच्चों की कमजोरी के बारे में बताया जाता है। यही सब बातें इस विद्यालय को सरकारी स्कूलों से अलग करती हैं। प्रधानाचार्य श्री रावल ने परीक्षाफल पर संतोष जताते हुए कहा कि अगले साल के लिए और भी अधिक मेहनत करने का प्रयास होगा ताकि परीक्षाफल और भी बेहतर हो सके।