अल्मोड़ा। मौसम में आए उतार चढ़ाव के कारण अस्पतालों में फिजिशियन के पास वायरल बुखार, सर्दी-खांसी, गले में खराश के मरीज बढ़ गए हैं। जिला मुख्यालय के दो सरकारी अस्पतालों में कुल ओपीडी 1001 रही।
जिला अस्पताल की ओपीडी में 650 और मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित बेस अस्पताल में 351 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव आ रहा है। दिन में जहां तेज धूप पड़ रही है। सुबह-शाम की ठंड से सेहत पर असर पड़ रहा है। मौसम बदलने से मरीजों की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। इस कारण फिजिशियनों के पास बुखार, सर्दी-खांसी, गले में खराश और पेट की समस्याओं से संबंधित मरीज उपचार को पहुंचे।
भैंसियाछाना, लमगड़ा, ताकुला, हवालबाग और धौलादेवी विकासखंडों से मरीज उपचार कराने पहुंचे थे। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि अत्यधिक ठंडी चीजें (कोल्ड ड्रिंक्स, आइसक्रीम) और बाहर का खुला खाना खाने से बचें। जहां तक हो घर में बना खाना ही खाएं। साफ पानी पीए। दूषित पानी पीने से संक्रमण की चपेट में आने का खतरा बना रहता है। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने कहा कि बदलते मौसम में खान पान में लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है। पानी स्वच्छ पीए। तेज धूप में बाहर न निकले।