रानीखेत (अल्मोड़ा)। शुक्रवार की देर शाम यहां मीना बाजार के पास छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। छात्र संघ चुनाव परिणाम निकलने के बाद नव निर्वाचित पदाधिकारी समर्थकों के साथ रानीखेत बाजार में विजय जुलूस निकाल रहे थे। रात्रि लगभग नौ बजे किसी बात को लेकर छात्रों में भिड़ंत हो गई।
मामला थाने पहुंच गया है। समाचार लिखे जाने तक थाने में हंगामा जारी था। मालूम हो कि शुक्रवार को यहां पीजी कालेज में छात्र संघ चुनाव संपन्न हुए। देर शाम परिणाम घोषित हुए और शपथ ग्रहण के बाद विजयी प्रत्याशी अपने अपने समर्थकों के साथ बाजार में विजय जुलूस निकाल रहे थे।
बताया गया है कि द्यूलीखेत मीना बाजार में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए, झगड़ा बढ़ा और मारपीट हो गई। एक युवक को बुरी तरह से पिटाई कर दी गई। पुलिस बीच बचाव को पहुंची। मामला थाने पहुंच गया।
एक छात्रगुट का आरोप था कि चिलियानौला क्षेत्र के युवकों ने उनके साथ मारपीट की। छात्रों का आरोप था कि दूसरे गुट ने चुनाव से एक दिन पहले एक पूर्व छात्र नेता का अपहरण का भी प्रयास किया। मामला फिलहाल थाने पहुंच गया। छात्रों का हुजूम भी थाने पहुंच गया है। देर रात तक विवाद जारी था।