कुमाऊं विश्वविद्यालय एसएसजे परिसर में छात्रसंघ चुनाव स्थगित कर देने से एबीवीपी से जुड़े छात्र नेता भड़क गए हैं। एबीवीपी ने पूर्व की तिथि में ही छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की है। एबीवीपी से जुड़े छात्र नेता अक्षय सुयाल ने 20 अक्तूबर तक छात्रसंघ चुनाव नहीं कराने पर आत्मदाह जैसे कदम उठाने की चेतावनी दी है।
चुनाव अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में एबीवीपी संगठन से जुड़े छात्र नेताओं का कहना है कि लिंगदोह सिफारिशों के अनुसार कुमाऊं विश्वविद्यालय ने चुनाव संपन्न करने के लिए 10 अक्तूबर तक की तिथि घोषित की थी और उसके बाद एसएसजे परिसर प्रशासन ने चुनाव की तिथि 15 अक्तूबर घोषित की थी, लेकिन अब चुनाव फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। छात्रों का कहना है कि 20 अक्तूबर से विज्ञान संकाय की आंतरिक परीक्षाएं घोषित हैं। उसके बाद 30 अक्तूबर को दीपावली का पर्व है।15 नवंबर से परिसर में परीक्षाएं भी होनी हैं।
उन्होंने छात्र-छात्राओं के भविष्य और परिसर में शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के लिए पूर्व में घोषित तिथि 15 अक्तूबर को ही छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की है। छात्र नेता अक्षय सुयाल ने 20 अक्तूबर तक चुनाव नहीं होने पर आत्मदाह तक की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में संगठन के प्रदेश मंत्री लोकेश कालाकोटी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अशोक कनवाल, राजेंद्र राठौर, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष ललित बिष्ट, ललित मोहन बिष्ट, प्रमोद मिश्रा, रवि शंकर गुसाई,गणेश बगडवाल, मनीष बिष्ट, संजय शर्मा, राकेश जीना, दीपक उप्रेती, नवीन नैनवाल, कमल नेगी, पंकज रावत, विनय तिवारी, शैलेश कोरंगा, भाष्कर पांडे, हितेश चतुर्वेदी, राजन चंद्र जोशी, संजय बिष्ट शामिल थे।