अल्मोड़ा। जिले के खूंट धामस में कथित रूप से भू माफियाओं के 500 नाली भूमि की खरीद फरोख्त के विरोध में ग्रामीणों ने रविवार को खूंट में प्रदर्शन किया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भू माफिया स्थानीय लोगों पर दबाव बना रहे हैं। बुजुर्गो के साथ मारपीट भी उतारू हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था को चुनौती देती हैं, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक शांति और सुरक्षा पर भी गंभीर प्रश्न चिह्न खड़ा करती हैं। उन्होंने कहा कि खूंट धामस में भू माफियाओं की नजर है। वह लोगों की जमीन को खरीद फरोख्त कर रहे हैं। इस दौरान वहां मौजूद नायब तहसीलदार और संबंधित पटवारी के समक्ष ग्रामीणों ने आपत्तियां और शिकायतें दर्ज कराईं। ग्रामीणों ने एक स्वर में भू माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, क्षेत्र की जमीन को अवैध कब्जे और अनियमित खरीद–फरोख्त से सुरक्षित रखने की मांग की। अध्यक्षता नैनीताल उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विनोद चंद्र तिवारी और संचालन विनय किरौला ने किया। वहां राजेंद्र चौहान, डुंगर सिंह, जगदीश सिंह, चंदन सिंह, विजय कुमार, भीम राम, रणजीत सिंह, राजेंद्र बिष्ट, भूपाल बिष्ट, गोविंद सिंह, बचे सिंह, विजय सिंह मौजूद रहे।