चौखुटिया (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत चौखुटिया के गनाई वार्ड के ग्रामीणों ने प्रस्तावित पेयजल योजना (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) के निर्माण का विरोध जताया है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर माता मंदिर परिसर के निकट प्रस्तावित निर्माण कार्य को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आस्था केंद्र माता मंदिर के समीप पेयजल योजना का निर्माण कराया जाना उचित नहीं है। इससे धार्मिक भावनाएं आहत होने के साथ मंदिर परिसर की पवित्रता भी प्रभावित हो सकती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना ग्रामवासियों की सहमति के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि गांव में अन्य उपयुक्त स्थान उपलब्ध है जहां योजना का निर्माण कराया जा सकता है। इसके बावजूद मंदिर परिसर के पास निर्माण की तैयारी की जा रही है जिसका ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित निर्माण कार्य पर रोक लगाने और योजना को वैकल्पिक स्थान पर स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन के माध्यम से विरोध दर्ज कराने वालों में नगर पंचायत वार्ड सदस्य लीला कैड़ा, गणेश नैलवाल, शंकर कैड़ा, प्रमोद जोशी, सुंदर बिष्ट, खीम सिंह, दीपक नेगी सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर शामिल हैं।
कोट
मंदिर के समीप समय समय पर हवन और अन्य कार्यक्रम होते रहते हैं। पेयजल टैंक बनने से जगह शेष नहीं बचेगी। ऐसे में पेयजल टैंक का निर्माण अन्यत्र किया जाना चाहिए। - लीला कैड़ा, वार्ड सदस्य, गनाई
कोट
वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए गनाई में जगह का मौका मुआयना किया गया था, ग्रामीणों ने विरोध किया है। शीघ्र ही समाधान निकाला जाएगा।
पंकज रावत, अवर अभियंता, जल निगम रानीखेत