चौखुटिया (अल्मोड़ा)। विकासखंड सभागार में ग्राम प्रधान संगठन की ओर से विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम प्रधानों ने सड़क, पेयजल, सिंचाई और बिजली से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की।
प्रधानों ने कई गांवों में पेयजल संकट पर नाराजगी जताते हुए टैंकरों से जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं लोक निर्माण विभाग से खराब सड़कों की मरम्मत और डामरीकरण कराने की बात कही गई। सहायक अभियंता आरसी चौधरी ने बताया कि खीड़ा-बछुवावाहन मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 6.30 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। बैठक में सिंचाई नहरों की सफाई, समय पर पानी छोड़ने और क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत का मुद्दा भी उठा। विद्युत विभाग से खराब मीटर बदलने, बिजली कटौती रोकने और झूलते तारों को ठीक करने की मांग की गई। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में संगठन अध्यक्ष भूपाल बौरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अभियंता, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।