बागेश्वर। जिले में एक तिहाई बहुमत नहीं होने से शपथ ग्रहण की राह देख रहे ग्राम प्रधानों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। आक्रोशित ग्राम प्रधानों ने विकासखंड कार्यालय में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। चुनाव आयोग से जल्द वार्ड सदस्यों के चुनाव करवाने की मांग की।
जिले में 405 ग्राम पंचायत हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद मात्र 133 ग्राम पंचायत में ही ग्राम प्रधानों का शपथ ग्रहण हुआ है। 272 ग्राम प्रधानों को पंचायत गठन का इंतजार है। शुक्रवार को ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय के बाहर एकत्र होकर सरकार और चुनाव आयोग से जल्द चुनाव कराने की मांग की। ग्राम प्रधानों का कहना है उन्हें प्रधान तो बना दिया लेकिन अधिकार नहीं मिलने से वह विकास के काम नहीं करा सकते हैं। कहा कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों में समान रूप से विकास होना चाहिए। कग्राम प्रधानों ने मनरेगा में ऑनलाइन उपस्थिति का भी विरोध किया। प्रधानों ने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की भी चेतावनी दी। इस मौके पर दीपक खेतवाल, नवल टम्टा, राकेश नेगी, शैलेंद्र बिष्ट, नंदन सिंह करायत, ज्योति देवी, दीपा देवी, मंजू देवी, जानकी टम्टा आदि रहीं।