राजकीय महाविद्यालय सोमेश्वर में प्राचार्य की नियुक्ति समेत अन्य मांगों को लेकर छात्र-छात्राओं का हुकुम सिंह बोरा शहीद स्मारक प्रांगण में चल रहा धरना शनिवार को विधायक रेखा आर्या से वार्ता के बाद स्थगित हो गया है। वार्ता में विधायक ने आंदोलनकारियों को एक माह के भीतर कालेज में प्राचार्य की नियुक्ति करने समेत अन्य समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया।
राजकीय महाविद्यालय सोमेश्वर में प्राचार्य की नियुक्ति करने, एमए और बीए में नए विषय खोलने समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर छात्र-छात्राओं का हुकुम सिंह बोरा शहीद स्मारक प्रांगण में दस दिनों से धरना चल रहा है। शनिवार को विधायक रेखा आर्या मौके पर पहुंचीं और आंदोलनकारियों से वार्ता की। विधायक आर्या ने आंदोलनकारियों को एक माह के भीतर कालेज में प्राचार्य की नियुक्ति करने समेत अन्य समस्याओं का भी शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया। विधायक से मिले आश्वासन के बाद छात्रों ने धरना स्थगित कर दिया है।
छात्रों ने एक माह के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर पुन: आंदोलन करने की चेतावनी दी। वार्ता में छात्रसंघ अध्यक्ष पंकज नयाल, उपाध्यक्ष राकेश बिष्ट, नरेंद्र नेगी, नीरज कुमार, नारायण बोहरा, मनीषा राना, गायत्री बजेठा, अनिल बजेठा, तारा, लाल सिंह बजेठा, गोपाल खोलिया, सुरेश बोरा, किशन सिंह बोरा, राजेंद्र कैड़ा आदि शामिल थे।