अस्पताल का निरीक्षण करते विधायक।
- फोटो : अमर उजाला
विधायक करन माहरा ने राजकीय अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने खासी नाराजगी जताई। शौचालयों में गंदगी देख विधायक बिफर पड़े। भविष्य के लिए अस्पताल प्रशासन को कड़ी हिदायत दी। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सा सुधार समिति का गठन करने के भी निर्देश दिए। कहा हर दो माह में समिति बैठक करेगी।
क्षेत्रीय विधायक करन माहरा सुबह अचानक यहां गोविंद सिंह माहरा राजकीय अस्पताल पहुंचे। अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शौचालयों का निरीक्षण किया, लेकिन शौचालयों में गंदगी देखकर वह बिफर पड़े। उन्होंने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कहा कि मोर्चरी का आधुनिकीकरण किया जाए, इसका प्रस्ताव बनाएं।
विधायक ने अस्पताल की चिकित्सा सुधार समिति का पुनर्गठन करने के निर्देश दिए। कहा कि समिति में विधायक, ब्लॉक प्रमुख, एक-एक प्रधान और बीडीसी सदस्य, दो छावनी सभासद, दो व्यापारी प्रतिनिधि, दो अधिवक्ताओं और दो पत्रकारों को जगह दी जाए। समिति हर दो माह में अस्पताल में बैठकों का आयोजन करेगी।
उन्होंने अस्पताल में स्टाफ क्वाटरों को लेकर भी चर्चा की, कहा कि अस्पताल की खाली भूमि पर स्टाफ क्वाटर बन सकते हैं। इसके लिए प्रस्ताव बनाने को कहा। साथ ही अस्पताल में ओवर हेड टैंक बनाने के निर्देश भी दिए। बाद में विधायक ने अस्पताल में मरीजों से भी मुलाकात की और व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। अस्पताल प्रशासन से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डा. केके पांडे, डा. दीप प्रकाश पार्की, सभासद सुकृत शाह, यतीश रौतेला, कुलदीप कुमार सहित तमाम लोग मौजूद थे।