धौलछीना (अल्मोड़ा)। मकर संक्रांति पर्व पर स्थित सरयू के किनारे हर साल आयोजित होने वाला मेला धूमधाम से मनाया गया। वहां रंगारंग कार्यक्रम हुए और भारी संख्या में लोगों ने सरयू में स्नान किया। बीनेश्वर महादेव मंदिर में उत्तरायणी मेला शांतिपूर्वक रहा। मेले में सांस्कृतिक टीमों के कलाकारों ने हिट साली कौतिक जानूं दोरिहाटा... समेत कई कुमाऊंनी गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।
श्रद्धालुओं ने सेराघाट के बीनेश्वर महादेव मंदिर में पूजा, अर्चना की। मेले में खूब चहल-पहल रही। मेले में अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले से भी तमाम लोग पहुंचे थे। मेले में लोहाघाट, हल्द्वानी, बरेली, धारचूला, थल समेत कई क्षेत्रों के व्यापारी आए थे। मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन के निर्देश पर सुबह से ही शराब की दुकान बंद रही। इससे पूर्व मुख्य अतिथि ज्येष्ठ उप प्रमुख मीना गंगोला ने मेले का उद्घाटन किया। अध्यक्षता प्रधान मोहन चंद्र जोशी ने की।