अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि कोरोना के कारण हाल के दिनों में हजारों की संख्या में प्रवासी पहाड़ की तरफ लौटे हैं और इनमें आईटी सहित विभिन्न क्षेत्रों की कई ऐसी प्रतिभाएं भी हैं जिनका उपयोग करके हम इस क्षेत्र का विकास कर सकते हैं। उन्होंने इन प्रतिभाओं का उपयोग करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर जोर दिया है।
सांसद अजय टम्टा बीते दिनों दिल्ली से अल्मोड़ा लौटने के बाद पिछले कुछ दिनों से अपने अल्मोड़ा आवास में ही होम क्वारंटीन हैं। इधर भाजपा सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई कोर ग्रुप की बैठक में टम्टा ने भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी बात रखी।
उन्होंने यह भी कहा हजारों की संख्या में लौटे मजदूरों और अन्य लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का लोकल और वोकल का नारा काफी कारगर सिद्ध हो सकता है। साथ ही प्राइवेट कंपनियों में काम करने वाले कई आईटी और अन्य क्षेत्रों के इंजीनियर भी यहां रहकर राज्य के विकास में योगदान कर सकते हैं।
इसके लिए उन्हें प्रोत्साहित करना जरूरी है। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत सहित राज्य के सभी भाजपा सांसद और जिलाध्यक्षों ने भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भागीदारी की। बैठक में खास तौर पर केंद्र सरकार की एक साल की उपलब्धियों जिनमें धारा 370, सीएए, तीन तलाक जैसे मुद्दों पर पीएम मोदी के नेतृत्व में लिए गए फैसलों की तारीफ की गई। साथ ही यह भी कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश कोरोना के संक्रमण का बखूबी सामना कर रहा है।