चौखुटिया (अल्मोड़ा)। जौरासी सड़क के भल्टवानी-पल्ली क्षेत्र में रखे गए उतीस के गिल्टों को लेकर खुलासा सामने आया है। पर्यावरण कार्यकर्ता शंकर सिंह बिष्ट की शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले की गंभीर जांच कराई, जिसमें संतोषजनक स्थितियां नहीं मिलीं।
उप जिलाधिकारी सुनील कुमार राज ने बताया कि जांच में यह पुष्टि हुई है कि नाप भूमि की आड़ में कुछ पेड़ सरकारी भूमि से भी काट दिए गए, जो कि पूरी तरह अवैध है। उन्होंने कहा कि पेड़ों की कटान जिस मनमाने ढंग से किया गया , वह नियमों के विरुद्ध है। इस संबंध में संबंधित ठेकेदार के खिलाफ चालानी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है। वनक्षेत्राधिकारी ने कहा कि भविष्य में ऐसे मामलों से बचने के लिए राजस्व विभाग को भूमि और पेड़ों के चिन्हीकरण के दौरान वन विभाग को भी मौके पर शामिल करना चाहिए, ताकि समन्वय से केवल सही चिह्नित पेड़ों का ही कटान हो और किसी प्रकार का विवाद न हो।