चिलियानौला बाजार में पसरे लावारिश बीमार कुत्ते। अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। चिलियानौला नगर पालिका क्षेत्र में लावारिस कुत्तों ने लोगों की नाक में दम कर रखा है। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि यहां कई कुत्ते बीमार हैं, उनके बाल झड़ रहे हैं, इसी कारण लोगों में बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है। लावारिस कुत्ते अब तक कई लोगों को काट चुके हैं, इसके बावजूद नगरपालिका प्रशासन की तरफ से न तो बीमार कुत्तों का उपचार कराया जा रहा है और ना ही कुछ और उपाय। स्थानीय लोगों ने इस मुसीबत का समाधान निकालने की मांग की है।
चिलियानौला नगर पालिका क्षेत्र में लावारिस जानवरों के साथ ही कुत्तों का आतंक भी सिर चढ़कर बोल रहा है, इन कुत्तों से लोग परेशान हैं। कई कुत्तों को बाल झड़ने की बीमारी लगी हुई है। वरिष्ठ व्यापारी विपिन चंद्र शर्मा ने बताया कि लावारिस कुत्तों के आतंक के चलते बच्चों का अकेले बाहर निकलना दूभर हो चुका है।
हर गली में कुत्ते बैठे रहते हैं और वहां से गुजरने वाले लोगों पर झपट पड़ते हैं। आरोप है कि कई मीट के दुकानदार भी कचरे का निस्तारण अच्छी तरह से नहीं कर रहे हैं, जिस कारण कुत्ते और आक्रामक हो रहे हैं। इधर नगर पालिका कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस तरह के कुत्तों के लिए अल्मोड़ा में एबीसी सेंटर बना हुआ है। उन्हें वहां भेजने की कार्रवाई की जाएगी।