चौखुटिया को नगर पंचायत का दर्जा देने संबंधी अक्तूबर 2014 में जारी अधिसूचना को राज्यपाल की मंजूरी के बाद अब निरस्त कर दिया गया है। विधायक मदन सिंह बिष्ट ने यह जानकारी दी है। उन्होंने पत्रकारों को इससे संबंधित शासनादेश की प्रति भी सौंपी। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत में शामिल किए गए गावों के जनप्रतिनिधियों के विरोध के चलते ऐसा निर्णय लेना पड़ा।
इधर नगर पंचायत की अधिसूचना रद होने से एक ओर जहां नगर पंचायत का विरोध करने वालों में खुशी की लहर है वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत की मांग करने वाले निराश हैं। इधर विधायक मदन बिष्ट ने बताया कि चौखुटिया नगर पंचायत को लेकर अधिसूचना रद होने के बावजूद नगर पंचायत की मांग करने वाले लोगों को निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले गांवों को हटाकर चौखुटिया और चांदीखेत बाजार क्षेत्र का अलग से प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने कहा है कि इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से शीघ्र प्रस्ताव बनाने को कहा गया है। इसके लिए शासन स्तर पर वार्ता हो चुकी है। इस पर जल्द कार्रवाई होगी।