जन जागृति अभियान की ओर से रामगंगा जिला बनाने की मांग को लेकर दो दिवसीय जन चेतना यात्रा भिकियासैंण से शुरू हो गई है। इस अभियान के तहत भौगौलिक दृष्टि से दूरस्थ तहसीलों को मिलाकर पृथक जिला बनाने के लिए आम जन मानस को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सोमवार प्रात: बस स्टेशन पर चेतना यात्रा के शुभारंभ पर जन जागृति अभियान के संयोजक राकेश नाथ गोस्वामी ने कहा कि अल्मोड़ा जिले के पिछड़े स्याल्दे , द्वाराहाट, भिकियासैंण, सल्ट, चैखुटिया तहसीलों को मिलाकर रामगंगा जिले की मांग वर्षों पुरानी है। इन क्षेत्रों से जिला मुख्यालय की दूरी 100 किमी से 200 किमी तक है। उन्होंने कहा क्षेत्र के पिछड़ेपन का कारण ही जिला मुख्यालय का दूर होना है। साथ ही जिले से आम जनता को मिलने वाली सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही है। लोगों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है।
उन्होंने कहा जनचेतना के माध्यम से आम जनता को एकजुटकर आंदोलन की रणनीति तैयार की जा रही है। पहले दिन यात्रा मासी, चौखुटिया, पांडुवाखाल, द्वाराहाट, जालली, दौला, विनायक होकर सिनार पहुंची। जन चेतना यात्रा में संयोजक राकेश नाथ गोस्वामी , आनन्द सिंह, मोहन सिंह, भुवन कुमार, शांति देवी, भगवत प्रसाद, लक्ष्मण गिरी, अनिल सिंह, दीप सिंह नेगी, आनन्द नेगी, दयाल सिंह, दिलीप डंगवाल, भुवन सिंह आदि शामिल थे।