रानीखेत (अल्मोड़ा)। शहर के व्यस्त गांधी चौक पर शनिवार को उस समय हलचल मच गई जब विपरीत दिशा से आ रहे दो वाहन आमने-सामने टकरा गए। मामूली टक्कर में दोनों कारों के बोनट पर खरोच आ गए। दोनों कारों के चालकों में बहस छिड़ गई। कुछ ही मिनटों में हंगामे का रूप ले लिया। यातायात पूरी तरफ रुक गया। देखते ही देखते 200 मीटर लंबा जाम लग गया। जाम खुलने करीब आघे घंटे का समय लगा। इस बीच वाहनों में बैठे लोग परेशान हुए।
शनिवार को घटना के समय आबकारी मार्ग की ओर से एक जीप आ रही थी जबकि सदर बाजार की दिशा से कार सुभाष चौक की ओर बढ़ रही थी। दोनों वाहन चौराहे पर आमने-सामने टकरा गए। हादसे के तुरंत बाद दोनों चालकों ने एक-दूसरे पर लापरवाही का आरोप लगाना शुरू कर दिया जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की लेकिन चालक किसी की बात मानने को तैयार नहीं थे। बढ़ती नोकझोंक को देखते हुए स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों चालकों को फटकार लगाकर शांत कराया।
टकराव और हंगामे के चलते गांधी चौक पर यातायात लगभग ठप हो गया था जिससे गुजर रहे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने व्यवस्था संभाली और वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
कोतवाल अशोक धनखड़ ने बताया कि विपरीत दिशा से आ रहे वाहनों में टक्कर की सूचना मिली थी। पुलिस टीम को तुरंत मौके पर भेजकर विवाद शांत कराया गया और ट्रैफिक सामान्य कर दिया गया।