चौखुटिया (अल्मोड़ा)। ऑपरेशन स्वास्थ्य के तहत राम गंगा आरती घाट पर शनिवार को भी अनशन जारी रहा। अब स्वास्थ्य मंत्री रविवार को वर्चुअल माध्यम से आंदोलनकारियों से संवाद करेंगे। आंदोलन के 60 वें दिन यह पहला अवसर होगा जब सरकार के उच्च स्तर से सीधे अनशनकारियों की बात सुनी जाएगी।
आंदोलनकारियों ने मंत्री से सीधी वार्ता को सकारात्मक कदम बताया है, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट कहा कि जब तक ठोस निर्णय नहीं लिए जाते, आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर स्थानीय जनता और विभिन्न सामाजिक संगठनों की निगाहें इस वार्ता पर टिकी हुई हैं, जिससे आंदोलन के भविष्य की दिशा तय मानी जा रही है।
प्रशासन ने भी इस वर्चुअल संवाद को सुचारु रूप से संचालित कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। क्षेत्र में आंदोलन के चलते स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, उपजिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की मांग और स्वास्थ्य ढांचे के सुदृढ़ीकरण जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
यह वार्ता ऑपरेशन स्वास्थ्य आंदोलन के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। 59 वें दिन भगवत सिंह आमरण अनशन पर बैठे, जबकि 82 वर्षीय कुंवर सिंह, खीम सिंह और अशोक कुमार क्रमिक अनशन पर रहे।
दिल्ली से आए टिम्टा निवासियों ने अनशनकारियों से मुलाकात कर ऑपरेशन स्वास्थ्य को समर्थन दिया। वहां भुवन सिंह, जीवन सिंह, ललिता बिष्ट, प्रधान विपिन शर्मा, बद्री दत्त पंत, भुवन पंत, रोहित जोशी, दयाल शर्मा आदि मौजूद रहे।