दोपहिया वाहनों को तेज गति से बेपरवाह दौड़ाने वाले सावधान हो जाएं। शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अल्मोड़ा में उपकरणों से लैस सीपीयू तैनात कर दी गई है। बृहस्पतिवार को एसएसपी पीएन मीणा ने अपने कार्यालय से सीपीयू की दो टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नगर के माल रोड के अलावा लोअर माल रोड, एनटीडी, धारानौला सहित नगर के सभी प्रमुख मार्ग सीपीयू की निगरानी में रहेंगे। खास तौर पर तेज गति और नशे में दोपहिया चलाने वालों पर सीपीयू खास नजर रखेगी। इस मौके पर एसएसपी ने उम्मीद जताई कि सीपीयू की तैनाती से नगर की यातायात व्यवस्था को और चुस्त - दुरुस्त करने में मदद मिलेगी।
सीपीयू को रवाना करने से पहले आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी पीएन मीणा ने बताया कि पूर्व में भी नगर में सीपीयू तैनात रही। उन्हें लोगों से पता लगा है कि सीपीयू की तैनाती से यातायात को व्यवस्थित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर काफी हद तक लगाम लगी थी। पूर्व के अनुभव को देखते हुए ही अल्मोड़ा नगर में फिर से सीपीयू तैनात करने का फैसला लिया गया है। बाइकों में चलने वाली सीपीयू की दो टीमों में एक-एक एसआई और एक-एक कांस्टेबल शामिल हैं। सीपीयू टीमों के पास हैंड सेट के अलावा रिकार्डिंग के लिए कैमरे भी दिए गए हैं। उन्हें एल्कोमीटर और रात में चेकिंग के लिए नाइट इंडिकेटर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि एक टीम करबला से माल रोड, लक्ष्मेश्वर होकर पांडेखोला और वापस करबला क्षेत्र में घूमेगी जबकि दूसरी टीम करबला से धारानौला, सिकुड़ा बैंड, एनटीडी आदि इलाकों में तैनात रहेगी। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी कमल राम और अन्य अधिकारी मौजूद थे।