अल्मोड़ा। ऑपरेशन प्रहार के तहत सल्ट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान दो शातिर नशा तस्करों को दबोचा है। अभियुक्तों के कब्जे से 10.885 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2,72,125 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक को सीज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह व प्रभारी एसओजी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम बृहस्पतिवार को रगडगाड तिराहे पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक संख्या-यूके 18-आर 9020 पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों अतीक अली निवासी ग्राम पैगा थाना आईटीआई ऊधमसिंह नगर, दानिश निवासी वार्ड नंबर 1 निजाद फॉर्म जसपुर खुर्द थाना आईटीआई ऊधमसिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ थाना सल्ट में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।