अल्मोड़ा। पुलिस ने अलग-अलग मामले में 22 किलो अवैध गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को थाना क्षेत्र के कूपी बैंड तिराहे पर यात्री प्रतीक्षालय के पास और बुधवार सुबह रगड़गाड़ को जाने वाले रास्ते के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम उदयपुर नरौली थाना हजरत नगर गढ़ी जिला मुरादाबाद निवासी सोनू सिंह (36) को 10.455 किलो और ग्राम सिरस खेडा थाना मुडांपांडे जिला मुरादाबाद निवासी अली (23) को 11.575 किलो अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ सल्ट थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। गांजा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज किया गया।