अल्मोड़ा। भारतीय जूनियर अंडर -19 बैडमिंटन टीम में नगर की दो सगी बहनें मनसा रावत, गायत्री रावत के अलावा देहरादून के ध्रुव नेगी का चयन हुआ है। तीनों खिलाड़ी 28 जून से इंडोनेशिया में होने जा रही एशिया जूनियर चैंपियनशिप में अपना हुनर दिखाएंगे।
उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि बैडमिंटन एसोसिएशन इंडिया की ओर से दिल्ली में आयोजित अंतिम चयन ट्रायल में तीनों खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी 28 जून से सात जुलाई तक इंडोनेशिया में होने जा रही एशिया जूनियर चैंपियनशिप में भाग लेंगे। प्रतियोगिता से पहले तीनों खिलाड़ी 10 जून से नेशनल कोचिंग सेंटर गुवाहाटी में आयोजित कैंप में हिस्सा लेंगे। संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई है।