अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवहन निगम का अल्मोड़ा डिपो चालक-परिचालक की कमी से जूझ रहा है। इस कारण दो बस सेवाएं स्थगित हो गई हैं। एक दर्जन से अधिक चालकों के अभाव से प्रतिदिन अनेक सेवाएं बाधित हो रहीं हैं। लंबे समय से अल्मोड़ा देहरादून और अल्मोड़ा दिल्ली की दो सेवाएं बंद हैं।
उत्तराखंड परिवहन निगम के पास वर्तमान में 30 बसों का बेड़ा है। चालकों की कमी से अनेक बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। डिपो से मात्र 14 सेवाएं ही प्रतिदिन संचालित की जा रहीं हैं। वहीं दो सेवाएं जिनमें से एक जो शाम पांच बजे अल्मोड़ा से देहरादून और दूसरी अल्मोड़ा से बेतालघाट होते हुए दिल्ली की थी वह बंद है। वहीं डिपो के पास 63 चालकों के सापेक्ष मात्र 45 चालक हैं। 18 चालकों की कमी है।
चालकों की कमी से अन्य सेवाएं भी बाधित हो जा रहीं हैं। डिपो के अधिकारी चाहते हुए भी बसों का संचालन नहीं करा पा रहे हैं।
अल्मोड़ा डिपो से मुख्यालय से चालक की डिमांड की गई है। माना जा रहा है कि चालकों की तैनाती के बाद बंद सेवाओं को भी सुचारू किया जा सकेगा। वहीं डिपो के पास परिचालकों की कमी नहीं है।
डिपो में परिचालक तो पर्याप्त हैं लेकिन चालकों की कमी है। चालकों की कमी को पूरा करने के लिए मुख्यालय से मांग की गई है। मांगे गए 18 चालक डिपो में आ जाने के बाद बंद पड़ी सेवाओं को शुरू कर दिया जाएगा।
विजय तिवारी, सहायक महाप्रबंधक अल्मोड़ा डिपो