अल्मोड़ा। बारिश के दौरान मलबा आने से जिले के दो ग्रामीण मोटर मार्ग यातायात के लिए बंद है। इससे ग्रामीणों को आवाजाही के दौरान फजीहत झेलनी पड़ रही है। यात्रियों को अधिक परेशानी हो रही है।
रविवार को नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से मौसम खराब रहा। दोपहर में हल्की धूप निकली और फिर मौसम ने करवट बदली। आसमान में बादल छा गए। नगर समेत हवालबाग और ग्रामीण इलाकों में बारिश हुई। बारिश के दौरान वृद्ध-जागेश्वर मोटर मार्ग के किमी 02.05 किमी में कीचड़ आ गया है। इससे मोटर मार्ग अवरुद्द हो गया है। वहीं पीपना-मन्हेत-डंगूला ग्रामीण मोटर मार्ग के किमी 09.10 पर मलबा आ गया। इससे मार्ग यातायात के लिए बंद है। दो सड़के बंद होने से आठ हजार से अधिक की आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बारिश के दौरान इन सड़कों में बने गड्ढों में भी पानी भर गया, जिससे सड़कें तलैया बन गई। जिले के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में कई सड़कें बारिश में खस्ताहाल हो गई हैं।