जागेश्वर (अल्मोड़ा)। धौलादेवी विकासखंड के धूराटांक गांव में संदिग्ध हालात में दो बुजुर्गों की मौत हो गईं। लोगों का कहना है कि वायरल फीवर से मौत हुई है जबकि स्वास्थ्य विभाग इससे इंकार कर रहा है।
धौलादेवी ब्लॉक के धूराटांक में ग्राम प्रधान सुरेश चंद्र जोशी के पिता गंगा दत्त जोशी (65) और गांव के ही हरीश चंद्र जोशी (60) की शनिवार को मौत हो गई। क्षेत्र के कई गांवों में वायरल फीवर का प्रकोप है। ऐसे में लोग दोनों की मौत वायरल फीवर की वजह से होना बता रहे हैं।
पूर्व ग्राम प्रधान गोपाल दत्त जोशी ने कहा कि खेती बाजार से घर लौटे हरीश चंद्र जोशी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाते तब तक उनकी मौत हो गई।
इधर कुनगड़ा के मथुरा दत्त का स्वास्थ्य भी तीन दिन से खराब है। इसके अलावा हेमा जोशी और खार के गणेश सनवाल की पत्नी भी बीमार है।
ड्योलीबगड़ निवासी पूर्व ब्लाॅक प्रमुख पीतांबर पांडे ने कहा कि शनिवार को अचानक स्वास्थ्य खराब होने से दो बुजुर्ग लोगों की मौत होने से गांव के लोगों में दहशत है। उन्होंने बताया कि इस मामले में धौलादेवी के चिकित्साधिकारी को अवगत करा दिया है और गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाने की मांग की है।
खोला के पूर्व जिला पंचायत सदस्य नंदन सिंह नेगी ने कहा कि जागेश्वर क्षेत्र में लगातार लोग बुखार से पीड़ित हैं। उन्होंने जागेश्वर में कैंप लगाने की मांग की।
- स्वास्थ्य विभाग की टीम अभी तक गांव में नहीं पहुंची है। मरीजों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए जल्द स्वास्थ्य कैंप लगाया जाए। - सुरेश चंद्र जोशी, प्रधान धूराटांक, अल्मोड़ा
- फीवर वायरल से मौत होने की पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य कर्मियों की टीम प्रभावित क्षेत्रों में जाकर कैंप लगाकर लोगों की जांच करेगी। उन्हें जागरूक किया जाएगा। बुखार आने पर लोग तुरंत चिकित्सक के पास जाकर दिखाएं। - डॉ. नवीन चंद्र तिवारी, सीएमओ, अल्मोड़ा