अल्मोड़ा। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस) के वैज्ञानिकों के शोध ने खेती और पोषण के क्षेत्र में नया अध्याय जोड़ा है। भारत में पहली बार मटर की ऐसी किस्म विकसित की गई है जिसे छिलके समेत खाया जा सकता है। इसका नाम है वीएल माधुरी।
यह नई प्रजाति कम समय में तैयार हो जाती है। इसकी हरी फली की पैदावार भी आम किस्मों से ज्यादा है। वीपीकेएएस वैज्ञानिकों के अनुसार वीएल माधुरी को राष्ट्रीय स्तर पर जोन 4 (पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड) में खेती के लिए अधिसूचित कर दिया गया है। यह मानक प्रजाति अर्का संपूर्णा से 11.53% ज्यादा उपज देती है। इसकी औसतन हरी फली उत्पादन क्षमता 13 टन प्रति हेक्टेयर तक दर्ज की गई है जो पर्वतीय और तराई क्षेत्रों के किसानों के लिए आशा की नई किरण है। उम्मीद की जा रही है कि यह किस्म फसल विविधिकरण और किसानों की आमदनी बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
कम लागत ज्यादा लाभ
संस्थान के वैज्ञानिकों का कहना है कि वीएल माधुरी मटर में उच्च उपज क्षमता, बेहतरीन फली गुणवत्ता और उकठा रोग के प्रति प्रतिरोधक क्षमता जैसी विशेषताएं हैं। यानी कम लागत में अधिक लाभ और कम रोग वाली खेती अब संभव है। यह किस्म पहाड़ की परिस्थितियों के अनुकूल है। नवंबर माह में बोने पर फसल लगभग 122 से 126 दिनों में तैयार हो जाएगी।
सलाद से सूप तक में उपयोगी
वीएल माधुरी मटर न केवल उत्पादकता में बेहतर है बल्कि उपभोक्ताओं की पसंद को भी ध्यान में रखकर विकसित की गई है। इसकी फलियां सलाद में कच्ची खाई जा सकती हैं। इसके अलावा स्टर-फ्राई और सूप जैसे व्यंजनों में स्वाद बढ़ाने के लिए इस्तेमाल की जा सकती है।
हरियाली और कोमलता से मिलेगी लोकप्रियता
फसल सुधार विभाग के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. निर्मल कुमार हेडाऊ इस किस्म के विकासकर्ता हैं। उनका कहना है कि इसकी हरियाली, कोमलता और उत्कृष्ट गुणवत्ता उपभोक्ताओं को तुरंत आकर्षित करेगी। साथ ही इसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता इसे वाणिज्यिक उत्पादन के लिए भी आदर्श बनाती है। संस्थान अब इस किस्म के बीज उत्पादन और प्रसार की तैयारियों में जुट गया है ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। संवाद
पर्वतीय कृषि प्रणाली में मटर की बीएल माधुरी किस्म का समावेश किसानों की फली उत्पादन प्रणाली को अधिक लाभदायक बनाएगा। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान निरंतर ऐसी प्रौद्योगिकियां और किस्में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है जो पर्वतीय परिस्थितियों में अधिक उत्पादक और टिकाऊ हों। संस्थान लगातार किसानों के हित में नए शोध कर रहा है।
डॉ. लक्ष्मी कांत, निदेशक वीपीकेएएस अल्मोड़ा