रानीखेत (अल्मोड़ा)। अवैध रूप से बेचने के मकसद से रानीखेत लाई जा रही अंग्रेजी की 11 पेटी शराब के साथ कोतवाली पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है हल्द्वानी से रानीखेत के एक बार में बेचने के उद्देश्य से यह शराब लाई जा रही थी। शराब को प्राइवेट कार के माध्यम से लाया जा रहा था, लेकिन बार के अंदर पेटियों को रखने से पहले ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। कार को सीज कर दिया गया है। कार में सवार एक व्यक्ति फरार हो गया है।
सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस सतर्क थी। पुलिस ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हल्द्वानी से प्राइवेट कार में अवैध रूप से शराब रानीखेत लाई जा रही है और यह शराब एक बार में भेजी जानी है। एसएसआई धीरेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस ने गांधी चौक स्थित शेरे पंजाब बार के पास जाल बिछाया। इसी बीच स्विफ्ट डिजायर कार संख्या यूके 04पी-9205 बार के पास रुकी, कार में तीन लोग सवार थे। कार से शराब की पेटियां उतारकर बार के अंदर रखी जाने लगीं, इसी बीच पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस ने बार संचालक बलवंत सिंह पटवाल और हल्दूचौड़ लालकुआ निवासी विनोद को रंगे हाथों दबोच लिया। मौका पाकर एक आरोपी कुमुद शाह वहां से फरार हो गया। कार से कुल 132 बोतल अंग्रेजी शराब की मिली।
शराब को जब्त कर लिया गया है। जबकि वाहन भी सीज किया गया है। आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ 60 आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस कोतवाल नारायण सिंह का कहना था कि अवैध शराब को बार में वैध बनाकर बेचने की योजना थी। पुलिस टीम में कांस्टेबल मो. यासीन, मनोज रावत, नारायण रावल और योगेंद्र प्रकाश आदि शामिल थे।
गांधी चौक पर गहमागहमी
रानीखेत। नगर के गांधी चौक पर पुलिस ने जैसे ही शराब की खेप पकड़ी वहां लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। बताया गया है कि इस बीच वहां पर शराब को लेकर कुछ लोगों में तू-तू मैं-मैं भी हुई। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था।