कसारदेवी क्षेत्र में होम स्टे के कागजात चेक करते प्रशासन के अधिकारी।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। लॉकडाउन में प्रशासन और पुलिस की टीम ने एसडीएम सीमा विश्वकर्मा के नेतृत्व में कसारदेवी समेत बल्टा, माट आदि क्षेत्रों में होम स्टे और होटलों में छापेमारी की। इस दौरान दो होमस्टे में कई खामियां मिलीं। जबकि एक होटल बगैर रजिस्ट्रेशन के चलता पाया गया। जिसे सील करने को नोटिस थमाया गया है। टीम ने तीनों पर 30 हजार का जुर्माना भी ठोका है।
एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान माट में शास्त्री होमस्टे, पिंक होमस्टे और बल्टा में स्थित टैंक्विलिटी होटल में खामियां मिलीं। शास्त्री होमस्टे और पिंक होमस्टे में संचालकों ने रजिस्टर मेनटेन नहीं किए थे। इनके द्वारा पक्की रसीदें भी वहां रुकने वालों को नहीं दी जा रही थीं। साथ ही टैक्स की चोरी भी की जा रही है।
टैंक्विलिटी होटल का सराय एक्ट के तहत 2018 में रजिस्ट्रेशन समाप्त हो गया है। लेकिन इसके संचालक ने पर्यटन विभाग में रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था।संचालक के पास पक्के बिल भी नहीं थे। एसडीएम ने बताया कि तीनों होम स्टे के संचालकों पर दस-दस हजार का जुर्माना ठोका गया है। साथ ही टैंक्विलिटी होटल के संचालक को होटल सील करने का नोटिस दे दिया गया है।
एसडीएम विश्वकर्मा ने बताया कि टैंक्विलिटी होटल संचालक को कागजात दिखाने के लिए 29 अप्रैल तक का समय दिया गया है। इसके बाद होटल को सील कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों होमस्टे और होटल संचालक को उनके यहां रह रहे पर्यटकों को मंगलवार शाम तक हटाने के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा बुधवार को प्रशसान वहां से पर्यटकों को हटाएगा। निरीक्षण दल में एसडीएम के अलावा पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, कोतवाल अरुण कुमार वर्मा, तहसीलदार संजय कुमार कोहली, अरुण कुमार, नायब तहसीलदार मनीषा मारकन्ना, उपनिरीक्षक संतोष देवरानी, राजस्व उपनिरीक्षक राहुल रावत आदि शामिल थे।