अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में जिले में चयनित बीस अनुसूचित जाति बहुल गांवों में मूलभूत सुविधाएं जुटाने के लिए सरकार ने चार करोड़ के सापेक्ष प्रथम किश्त में दो करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। इन गांवों में ग्राम स्तरीय अभिसरण समितियां गठित कर दी गई हैं और सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से इन गांवों में विकास कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
पीएम आदर्श ग्राम योजना में जिले में दो चरणों में अनुसूचित जाति बहुल बीस ग्राम पंचायतों का चयन किया गया था। योजना के अंतर्गत हवालबाग ब्लॉक का वड्यूरा, ताकुला ब्लॉक में कांडा, पाटिया, रौल्यानागूंठ, कटयूड़ा, भैंसियाछाना ब्लॉक में सल्ला, पेटशाल, पाल्यों, द्वाराहाट ब्लॉक में ऐना, ताड़ीखेत ब्लॉक में कपीना, झांईओरि, धौलादेवी ब्लॉक में दशौला-बडियार, मनीआगर, खौड़ी, बेलक, लमगड़ा ब्लॉक में नाटाडोल, कनरा, बड्यूरा, छान-खरखोटा, सल्ट ब्लॉक में पनुवाद्योखन गांव शामिल हैं।
चयनित गांवों में 2011 की जनगणना के अनुसार जनसंख्या, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, यातायात, इंटरनेट सुविधा, एएनएम सेंटर, अस्पताल आदि सुविधाओं को लेकर सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव नयन तिवारी ने बताया कि कोविड-19 के चलते कार्यों में विलंब हुआ है। इन गांवों में विकास कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जिसके बाद गांवों में विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।