अल्मोड़ा। हल्द्वानी से बेरीनाग जा रहा ईंट-सीमेंट से लदा ट्रक शनिवार देर रात धौलछीना के निकट कलौन गांव के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक को मामूली चोटें आईं। कोई बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात ट्रक संख्या यूके 04सीसी 1386 हल्द्वानी से सामान लेकर बेरीनाग की ओर जा रहा था। कलौन गांव के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। ट्रक में उस समय चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। हादसे की सूचना मिलते ही धौलछीना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर ट्रक चालक गणेश राम पुत्र श्री राम, निवासी डीडीहाट को बाहर निकाला और उपचार के लिए धौलछीना चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक को छुट्टी दे दी। पुलिस ने बताया कि हादसे में चालक को हल्की चोटें आई हैं। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। स्थानीय ग्रामीणों को रविवार सुबह हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।