रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत विधानसभा के भुजान क्षेत्र में शराब की दुकान का विरोध लगातार तेज हो रहा है। विधायक रानीखेत डॉ प्रमोद नैनवाल ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को ज्ञापन भेजकर शराब की दुकान के लाइसेंस को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनता के विरोध के बावजूद नई शराब की दुकान खोलने का प्रयास किया जा रहा है, जो जनभावनाओं के विपरीत है।
चेतावनी दी कि यदि जनविरोध के बावजूद दुकानें निरस्त नहीं की गईं तो वह क्षेत्रीय जनता के साथ आंदोलन और धरना देने को बाध्य होंगे। इधर भुजान बाजार क्षेत्र के लोगों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत को भेजे ज्ञापन में आरोप लगाया कि पूर्व में जनविरोध को देखते हुए जिलाधिकारी अल्मोड़ा ने शराब की दुकान को निरस्त कर दिया था, लेकिन अब आबकारी विभाग दोबारा दुकान खुलवाने का प्रयास कर रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह न केवल जनभावनाओं की अनदेखी है, बल्कि जिलाधिकारी के आदेशों की भी अवहेलना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शराब की दुकान तत्काल बंद नहीं कराई गई तो ग्रामीण दुकान के बाहर धरना शुरू करेंगे। ज्ञापन पर गणेश नेगी, विक्रम मेहरा, नवीन चंद्र जोशी, राहुल आर्या, महेंद्र, जीवन सिंह, जोगा राम, दिलीप सहित अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।