रामनगर से उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन के लिए गढ़वाल मंडल ले जा रहा ट्रक सोमवार की रात भतरौंजखान-भिकियासैंण मोटर मार्ग पर निर्माणाधीन कलमठ में करीब 10 घंटे फंसा रहा। इससे अन्य वाहन चालकों को भी आवाजाही में परेशानी हुई।
इन दिनों सिनौड़ा से भिकियासैंण तक सड़क सुधारीकरण का काम धीमी गति से कराया जा रहा है। पानी की निकासी के लिए बनाए जा रहे कलमठों का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे आए दिन दुर्घटना होने की आशंका रहती है। सोमवार की रात रामनगर से उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन के लिए गढ़वाल मंडल ले जा रहा ट्रक भतरौंजखान-भिकियासैंण मोटर मार्ग पर निर्माणाधीन कलमठ में फंस गया।
बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन बुलाकर कलमठ में फंसे ट्रक को निकाला। इसके बाद ट्रक गंतव्य को रवाना हुआ। इस दौरान रामनगर, अल्मोड़ा, हल्द्वानी, नैनीताल, गढ़वाल को आने जाने वाले वाहनों को बासोट मार्ग से गुजरना पड़ा।