रानीखेत (अल्मोड़ा)। परिवहन विभाग वाहन के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) और ड्राइविंग लाइसेंस में मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है।
सहायक संभागीय कार्यालय रानीखेत में 31 दिसंबर तक विशेष अभियान शुरू किया गया है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मुकेश चंद्र जोशी ने बताया कि विभाग की वेबसाइट के माध्यम से या फिर कार्यालय में जाकर निशुल्क मोबाइल नंबर अपडेट कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कई वाहन स्वामियों के विवरण में दर्ज मोबाइल नंबर गलत या अपडेट नहीं होने के कारण चालान की सूचना समय पर नहीं पहुंचती, जिससे ऑनलाइन भुगतान में दिक्कत होती है। इसके अलावा वाहन बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र के नवीनीकरण में आधार आधारित ओटीपी अनिवार्य होने से सही मोबाइल नंबर का दर्ज होना बेहद जरूरी है। विभाग ने जानकारी दी कि कोई भी व्यक्ति घर बैठे वेबसाइट के माध्यम से अपना मोबाइल नंबर आसानी से अपडेट कर सकता है। साथ ही कार्यालय में इसके लिए विशेष हेल्पडेस्क तैयार की गई है।