अल्मोड़ा। डाक विभाग के आईटी 2.0 एप्लिकेशन अपग्रेडेशन के चलते प्रधान डाकघर में लेन-देन सहित सभी कार्य ठप रहे। ऐसे में नगर सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों से जरूरी काम से यहां पहुंचे लोगों को मायूस लौटना पड़ा।
सोमवार को प्रधान डाकघर में जिले के नगर सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों से काफी संख्या में लोग पैसे जमा, निकासी, रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट, पार्सल बुकिंग और आधार कार्ड संशोधन के लिए पहुंचे। लेकिन काउंटर बंद का बोर्ड लगा देख उनके हाथ मायूसी लगी।
डाक विभाग की ओर से पूर्व में 21 जुलाई को लेन-देन सहित अन्य कार्य नहीं होने की सूचना दी थी। जानकारी के अभाव में लोग 10 बजे से ही प्रधान डाकघर पहुंचना शुरू हो गए। बाद में कर्मियों से जानकारी लेने के बाद लोग बैरंग घरों को लौटे।
डाक अधीक्षक जीवन सिंह बोरा ने बताया एप्लिकेशन अपग्रेडेशन के चलते मंडल के सभी डाकघरों में लेन-देन नहीं हुआ। आज से सभी डाकघरों पूर्व की भांति कार्य होंगे।
फोटो- 21एएलएम20पी- प्रधान डाकघर में काउंटर बंद होने का लगा बोर्ड। संवाद