अल्मोड़ा। जिले में लगातार हो रही बारिश से कपड़खान मुख्य सड़क के बीचोंबीच विशालकाय पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई वाहन सड़क से नहीं गुजर रहा था। सूचना पर पहुंची फायर सर्विस टीम ने पेड़ को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया।
बुधवार दोपहर 12.51 बजे फायर स्टेशन को सूचना मिली कि कपड़खान मुख्य मार्ग पर विशालकाय पेड़ गिरा गया है। इससे यातायात बाधित हो गया है। वाहनों से निकल कर यात्री छाता लेकर पेड़ हटने का इंतजार करते रहे।
प्रभारी सीएफओ मुकेश चंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि फायर सर्विस यूनिट ने पेड़ को कटर से छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर सड़क से हटाया। एक घंटे बाद सड़क से पेड़ हटाने पर यातायात शुरू हुआ तो यात्रियों ने राहत की सांस ली।