वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट से वार्ता करते व्यापारी।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। पिछले दिनों हुई चोरी के मामले में अब भी खुलासा नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी है। शुक्रवार को व्यापार मंडल और व्यापारियों के शिष्टमंडल ने लगातार हो रही चोरी को लेकर एसएसपी पंकज भट्ट से मुलाकात की। व्यापारियों ने एसएसपी को ज्ञापन सौंप जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी।
शुक्रवार को एसएसपी के पास पहुंचे व्यापारियों ने कहा कि पिछले दिनों धारानौला में भुवन पांडे की दुकान से लाखों के मोबाइल और नगदी चोरी हुई। एक सप्ताह से अधिक का समय बीतने के बाद भी अब तक मामले का खुलासा नहीं हो सका है। इसके साथ ही पूर्व में भी चोरी की घटनाएं हुई हैं। एसएसपी ने कहा कि मामले में गहन जांच चल रही है। शीघ्र ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा। यह पुलिस और उनके भी मान-सम्मान का विषय है। उन्होंने पीड़ित व्यापारी भुवन पांडे को आश्वासन दिया कि चोरी की संपूर्ण राशि और सामान वापस दिलवाने का प्रयास किया जाएगा। वहां व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष सुशील साह, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, प्रत्येश पांडे, सचिव मयंक बिष्ट, उपसचिव राहुल, कोषाध्यक्ष कार्तिक साह, महिला उपाध्यक्ष अनीता रावत, पूर्व अध्यक्ष भैरव गोस्वामी आदि थे।