फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साड़ी के कवर वाली पॉलिथीन का चालान होने पर व्यापारी भड़के 

Tue, 14 Mar 2017 09:56 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, अल्मोड़ा।
विज्ञापन
अधिकारियों और व्यापारियों के बीच होती नोकझोंक। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर मंगलवार को जिला मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में पॉलिथीन के खिलाफ अभियान शुरू हो गया। अल्मोड़ा बाजार में एडीएम केएस टोलिया और एसडीएम विवेक राय के नेतृत्व में पॉलिथीन का प्रयोग करने पर कई व्यापारियों के चालान करके 17 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला। इस बीच कचहरी बाजार में साड़ी के कवर वाली पॉलिथीन का चालान करने से व्यापारी भड़क गए। व्यापार मंडल के जिला और नगर इकाई के तमाम पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने अधिकारियों से पॉलिथीन के बारे में नीति स्पष्ट करने की मांग की। व्यापारी नेताओं की पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ तीखी नोकझोंक हुई। इस बीच कचहरी बाजार में कुछ व्यापारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। तनाव बढ़ने के बाद चालान की कार्रवाई रोक दी गई। बाद में व्यापारी जिलाधिकारी से मिलने पहुंच गए। 
विज्ञापन


हाइकोर्ट के सख्त रुख के बाद जिला प्रशासन ने मंगलवार से बाजार में पॉलिथीन  के प्रयोग पर सख्ती से रोक लगाने का फैसला किया था। इस बारे में जिलाधिकारी सविन बंसल ने पूर्व में ही अधिकारियों को निर्देश देकर मंगलवार से छापेमारी की कार्रवाई करने को कहा था। डीएम के निर्देश पर अल्मोड़ा में एडीएम केएस टोलिया, एसडीएम विवेक राय, सीओ आरएस टोलिया, कोतवाल उत्तम सिंह आदि के नेतृत्व में अधिकारियों ने बाजार खुलने के कुछ देर बाद छापेमारी अभियान शुरू किया। पॉलिथीन  मिलने पर कुछ व्यापारियों से हजार-हजार रुपए जुर्माना वसूला गया।

इस बीच कचहरी बाजार में एक दुकान में जब साड़ी के कवर वाली पारदर्शी पॉलिथीन पर चालान की कार्रवाई की बात हुई तो व्यापारी भड़क गए। उनका कहना था कि बाजार में कई ऐसे उत्पाद हैं जिनकी पैकिंग पॉलिथीन में ही आती है। उनका कहना था कि किस पॉलिथीन में प्रतिबंध है और किस पर नहीं है, इसके लिए स्पष्ट नीति बननी चाहिए। उन्होंने छापेमारी की कार्रवाई का विरोध किया। इस बीच व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष हरेंद्र वर्मा, नगर अध्यक्ष भैरव गोस्वामी, श्याम लाल साह, मनोज पवार, दीपेश जोशी, दीपक वर्मा सहित तमाम व्यापारी नेता और काफी संख्या में व्यापारी वहां पहुंच गए। उनका यह भी कहना था कि छापेमारी की कार्रवाई में काफी फोर्स लाकर व्यापारियों को भय दिखाया जा रहा है, जबकि इतनी फोर्स की जरूरत नहीं है। व्यापारियों की पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ तीखी नोकझोंक हो गई और अधिकारियों ने व्यापारियों को समझाकर शांत करवाया। हालांकि इसके बाद मंगलवार को चालान की कार्रवाई रोक दी गई और पूरे बाजार में व्यापारियों को पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करने की हिदायत देकर अधिकारी लौट गए। 
विज्ञापन


बाद में नाराज व्यापारी जिलाधिकारी सविन बंसल से मिलने कलक्ट्रेट पहुंचे और अपनी बात रखी। जिलाधिकारी ने उन्हें बताया कि यह कार्रवाई उच्च न्यायालय के निर्देश पर की जा रही है और 17 मार्च को राज्य के सभी जिलाधिकारियों को हाइकोर्ट जाना है। डीएम ने कहा कि पॉलिथीन के बारे में चल रही भ्रांतियों के बारे वह उस दिन हाइकोर्ट में पूरी बात रखेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले एडीएम की अध्यक्षता में व्यापारियों की बैठक करके शंकाओं का निराकरण किया जाएगा। उधर जिले की अन्य तहसीलों में भी छापेमारी की कार्रवाई हुई। सल्ट तहसील की विभिन्न बाजारों में एसडीएम गोपाल राम बिनवाल के नेतृत्व में हुई छापेमारी की कार्रवाई में कई दुकानदारों का चालान करके चार हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। उधर भतरौंजखान में भी अधिकारियों की टीम ने दुकानों में घूमकर चेकिंग की और पॉलिथीन  का प्रयोग नहीं करने की हिदायत दी। 
सोमेश्वर। सोमेश्वर में एसडीएम अवधेश कुमार सिंह, तहसीलदार खुशबू आर्या, जिला पंचायत के एएमए मोहन लाल टम्टा, सतीश पांडे आदि के नेतृत्व में सोमेश्वर बाजार में पालीथीन को लेकर की गई छापेमारी में तीन दुकानदारों पर पांच-पांच सौ रुपए का जुर्माना किया गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें