चौखुटिया के जौरासी की वादियों में प्राकृतिक सौंदर्य का लुफ्त लेते दिल्ली के पर्यटक।
- फोटो : अमर उजाला
जौरासी क्षेत्र में पलायन रोकने की दिशा में प्रयासरत नव चेतना सामाजिक विकास समिति से जुड़े प्रवासियों ने जौरासी को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने की ठानी है। इसके लिए समिति ने अपने प्रयास से दिल्ली के पर्यटकों को जौरासी घुमाने के लिए प्रेरित किया। दिल्ली से यहां पहुंचा पांच सदस्यी पर्यटक दल यहां की खूबसूरती और ग्रामीणों के स्वागत से गदगद है। हालांकि पर्यटक जौरासी जैसे क्षेत्र की अनदेखी पर हैरान नजर आए।
शुक्रवार को दिल्ली से पहुंचे सतीश अग्रवाल, पंकज रस्तोगी, जितेंद्र गुप्ता, पवन अग्रवाल व महेश शर्मा की पांच सदस्यीय टीम ने जौरासी की वादियों में चाय की चूस्कियों के बीच प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। इस दौरान पांचों पर्यटक जैरासी जैसे पर्यटक स्थल की अनदेखी पर हैरान नजर आए। उन्होंने कहा ऐसे स्थल सरकार के लिए राजस्व का बहुत बड़ा जरिया हो सकते हैं। इससे पहले जौरासी पहुंचने पर चेतना समिति के तारासिंह नेगी तथा कृपाल सिंह पटवाल आदि ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया।
सौंदर्य से भरे प्रकृति के ऐसे स्वरूप को देखकर गदगद हूं। जंगलों के बीच ठंडी हवा के झोंको ने सफर की थकान दूर कर दी है। अगली बार बच्चों को लेकर जौरासी आऊंगा। प्रदेश सरकार को जौरासी में सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में ठोस प्रयास करने चाहिए।
सतीश अग्रवाल, दिल्ली के व्यवसायी
योग साधना का केंद्र बनाया जाए जौरासी
दिल्ली के पंकज रस्तोगी का कहना है कि जौरासी की वादियों में पहुंचने के बाद असल शांति मिली है। इसी तरह जितेंद्र गुप्ता, पवन अग्रवाल व महेश शर्मा का कहना है कि देश में योग को लेकर बहुत कुछ किया जा रहा है। सरकार को जौरासी में योग, साधना का बड़ा केंद्र खोलना चाहिए। इससे योग शिविरों में भाग लेने वालों को तो लाभ होगा ही साथ ही क्षेत्र में भी रोजगार व पर्यटन के अवसर बढ़ेंगे।