बारिश और तेज हवा के कारण बुधवार को खत्याड़ी फीडर से आने वाली बिजली लाइन में लोअर मालरोड के पास पेड़ टूटकर गिर गया। जिससे खत्याड़ी, लोअर मालरोड अपर मालरोड, चौघानपाटा आदि क्षेत्र की बिजली तीन घंटे गुल रही। बारिश रुकने के बाद कर्मचारियों ने पेड़ हटाया और तब जाकर बिजली व्यवस्था सुचारू हो सकी।
बुधवार सुबह 10.30 बजे तेज हवा और बारिश के कारण लोअर मालरोड स्थित बिजली लाइन में एक पेड़ आकर गिर गया। पेड़ गिरने से खत्याडी, लोअर मालरोड, अपर मालरोड, चौघानपाटा आदि जगहों की बिजली गुल हो गई। बिजली नहीं होने से घरों और दफ्तरों में लोगों को खासी दिक्कतें हुई। इस दौरान कार्यालयों में कामकाज भी प्रभावित रहा। दोपहर करीब डेढ़ बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता डीएस पांगती ने बताया कि बिजली के तार में गिरा पेड़ कर्मचारियों द्वारा हटा लिया गया है और बिजली व्यवस्था सुचारू कर दी गई है।