अल्मोड़ा। जिला अस्पताल के दो सर्जन और एक विशेषज्ञ चिकित्सक के शिविर में जाने से मरीजों को उपचार के लिए भटकना पड़ा। कड़ाके की ठंड में मरीजों को पांच किमी दूर बेस अस्पताल के चक्कर काटने पड़े। इससे वह काफी परेशान रहे।
बुधवार को जिला अस्पताल के ईएनटी सर्जन, नेत्र सर्जन और हड्डी रोग विशेषज्ञों की शिविर में ड्यूटी लगी थी। जिला अस्पताल में दो हड्डी रोग विशेषज्ञों की तैनाती है। एक विशेषज्ञ पहले से ही अवकाश पर चल रहे हैं वहीं दूसरे हड्डी रोग विशेषज्ञ शिविर में ड्यूटी पर चले गए। अस्पताल के एकमात्र नेत्र सर्जन भी शिविर में गए हुए थे। इस कारण लमगड़ा, भैंसियाछाना, धौलादेवी, ताकुला, दन्यां, बाड़ेछीना समेत अन्य क्षेत्रों से उपचार के लिए आए मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा। कई मरीजों ने पांच किमी दूर मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित बेस अस्पताल में जाकर उपचार कराया। वहां भी भीड़ होने के कारण कई मरीजों का नंबर नहीं आया। कई मरीजों ने निजी अस्पतालों में उपचार कराया जिससे उनकी जेब ढीली हुई। वहीं अस्पताल में तैनात दो ईएनटी में से एक सर्जन के अस्पताल में मरीजों का इलाज किया।