रानीखेत/द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। भारी बारिश के कारण रानीखेत, द्वाराहाट क्षेत्र में रविवार को भी टूटफूट हुई। रानीखेत तहसील के कुलसीबी में मल्यालनदी पर बने दो पुल ध्वस्त हो गए। बाढ़ में लालर के ग्रामीणों के दो बैल भी बह गए, जबकि एक पुलिया भिटारकोट के पुनेती गधेरे में क्षतिग्रस्त हो गई, मल्याल नदी रौद्र रूप में बह रही है।
जिस कारण नदी के दोनों ओर से भू-कटाव भी हो रहा है, ग्रामीण सहमे हैं। चमड़खान के टाना गांव में गीता खाती के दो मंजिले भवन की दीवारों में बड़ी दरारें आ गई हैं। जिस कारण गीता का परिवार भयभीत है। ग्रामीणों ने गीता को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
भारी बारिश के कारण द्वाराहाट-कोटिला-गवाड़ मोटर मार्ग की हालत खराब हो चली है। यह मोटर मार्ग कई जगह पर क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि इसके सुधारीकरण की मांग को लेकर पिछले दिनों बीडीसी की बैठक में हंगामा तक हुआ।
मोटर मार्ग कई जगह क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। प्रधान हिम्मत सिंह ने बताया कि मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने शासन, प्रशासन से अतिशीघ्र इसे ठीक कराने की मांग की है।