अल्मोड़ा। मदद मांगने के बहाने घर में घुसकर बुजुर्ग को लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूट का सामान भी बरामद किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
नगर के कुंजनपुर निवासी हेम चंद्र जोशी बीते शुक्रवार रात अपने घर पर सोए थे। इसी बीच अज्ञात व्यक्ति ने दरवाजा खटखटाते हुए मदद मांगी। दरवाजा खोलते ही उसके साथ दो अन्य लोग भीतर घुसे और उन्हें धमकाते हुए फोन, रुपयों से भरा पर्स छीनकर भाग गए। घटना के बाद पीड़ित के कोतवाली में तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से सोमवार को आरोपी अंशुल कुमार (22) निवासी भ्यारखोला, अवधेश टम्टा (25) निवासी टम्टा मोहल्ला, आलोक कुमार (21) निवासी नरसिंहबाड़ी को करबला के पास से गिरफ्तार किया।
एसएसपी रामचंद्र राजगुरु ने बताया कि तीनों को जेल भेज दिया है। टीम में एसआई दिनेश सिंह परिहार, महिला एसआई पूनम रावत, कांस्टेबल नंदन राम, खुशाल राम, केशव भौत शामिल रहे।
-
आरोपियों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज, मजदूरों को बनाते थे निशाना
अल्मोड़ा। एसएसपी रामचंद्र राजगुरु ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, लूट, नशे का सामान तस्करी करने पर नौ मुकदमे दर्ज हैं। बताया कि तीनों नेपाली और बिहारी मजदूरों को निशाना बनाकर उनके साथ लूटपाट करते थे। उनके पास से लूट के फोन बरामद हुए हैं।